Friday, 18 January 2013

शबरी

शबरी प्रभु की परमप्रिय भक्त नारियों में से एक है। शबर भील जाति को कहते हैं। शबरी के पिता भीलों के राजा थे। शबरी जब विवाहयोग्य हुई तो इनके पिता ने एक दूसरे भील कुमार से इनका विवाह पक्का किया। विवाह के दिन निकट आये। सैकडों बकरे-भैंसे बलिदान के लिये इकट्ठे किये गये। शबरी ने पूछा- ये सब जानवर क्यों इकट्ठे किये गये हैं? उत्तर मिला- तुम्हारे विवाह के उपलक्ष में इन सबका बलिदान होगा। भक्तिमती भोली बालिका का सिर चकराने लगा। यह कैसा विवाह जिसमें इतने प्राणियों का वध हो। इस विवाह से तो विवाह न करना ही अच्छा। ऐसा सोचकर वह रात्रि में उठकर जङ्गल में चली गयी और फिर लौटकर घर नहीं आयी।

दण्डकारण्य में हजारों ऋषि-मुनि तपस्या करते थे, शबरी हीन जाति की थी, स्त्री थी, बालिका थी, अशिक्षिता थी। उसमें संसार की दृष्टि में भजन करनेयोग्य कोई गुण नहीं था किन्तु उसके हृदय में प्रभु के लिये सच्ची चाह थी, जिसके होने से सभी गुण स्वत: ही आ जाते हैं। वह रात्रि में दो बजे उठती; जिधर से ऋषि निकलते उस रास्ते को नदी तक साफ करती। कँकडीली जमीन में बालू बिछा आती। जङ्गल में जाकर लकडी काटकर डाल आती। इन सब कामों को वह इतनी तत्परता से छिपकर करती कि कोई ऋषि देख न लें। यह कार्य वह वर्षो तक करती रही। अन्त में मतंग ऋषि ने उस पर कृपा की और ब्रह्मलोक जाते समय उससे कह गये कि मैं तेरी भक्ति से प्रसन्न हूँ। भगवान् स्वयं आकर तेरी कुटी पर ही तुझे दर्शन देंगे।

भगवान् अयोध्यापुरी में अवतीर्ण हुए। माता कैकेयी के कारण उन्हें वनवास हुआ। श्रीसीता और लक्ष्मणसहित वे दण्डकारण्य में आ रहे हैं, यह बात सर्वत्र फैल गयी। शबरी को भी पता चला। बस, फिर क्या था, गुरु महाराज कह ही गये हैं, भगवान् स्वयं पधारेंगे। सुबह उठते ही शबरी सोचती-प्रभु आज अवश्य ही पधारेंगे। यह सोचकर जल्दी-जल्दी दूर तक रास्ते को बुहार आती, पानी से छिडकाव करती। गोबर से जमीन लीपती। जङ्गल में जाकर मीठे-मीठे फलों को लाती, ताजे-ताजे पत्तों के दोने बनाकर रखती। ठंडा जल खूब साफ करके रखती और माला लेकर रास्ते पर बैठ जाती। एकटक निहारती रहती। तनिक सी आहट पाते ही उठ खडी होती। बिना खाये-पीये सूर्योदय से सूर्यास्त तक बैठी रहती। जब अँधेरा हो जाता तो उठती, सोचती आज प्रभु किसी मुनि के आश्रम पर रह गये होंगे, कल जरूर आ जायँगे। बस, कल फिर इसी तरह बैठती और न आने पर कल के लिये पक्का विचार करती, ताजे फल लाती। इस प्रकार उसने बारह वर्ष बिता दिये। गुरु के वचन असत्य तो हो नहीं सकते। आज नहीं तो कल जरूर आवेंगे इसी विचार से वह निराश कभी नहीं हुई। भगवान् सीधे शबरी के आश्रम पर पहुँचे। उन्होंने अन्य ऋषियों के आश्रमों की ओर देखा भी नहीं। शबरी के आनन्द का क्या ठिकाना? वह चरणों में लोट-पोट हो गयी। नेत्र के अश्रुओं से पैर धोये, पलकों के पाँवडे बिछाये, हृदय के सिंहासन पर भगवान् को बिठाया, भक्ति के उद्रेक में वह अपने आपको भूल गयी। सुन्दर-सुन्दर फल खिलाये और पंखा लेकर बैठ गयी। फिर शबरी ने स्तुति की, भगवान् ने नवधा भक्ति बतलायी, और शबरी को नवधा भक्ति से युक्त बतलाकर उसे निहाल किया। 

No comments:

Post a Comment