Friday, 18 January 2013

शबरी

शबरी प्रभु की परमप्रिय भक्त नारियों में से एक है। शबर भील जाति को कहते हैं। शबरी के पिता भीलों के राजा थे। शबरी जब विवाहयोग्य हुई तो इनके पिता ने एक दूसरे भील कुमार से इनका विवाह पक्का किया। विवाह के दिन निकट आये। सैकडों बकरे-भैंसे बलिदान के लिये इकट्ठे किये गये। शबरी ने पूछा- ये सब जानवर क्यों इकट्ठे किये गये हैं? उत्तर मिला- तुम्हारे विवाह के उपलक्ष में इन सबका बलिदान होगा। भक्तिमती भोली बालिका का सिर चकराने लगा। यह कैसा विवाह जिसमें इतने प्राणियों का वध हो। इस विवाह से तो विवाह न करना ही अच्छा। ऐसा सोचकर वह रात्रि में उठकर जङ्गल में चली गयी और फिर लौटकर घर नहीं आयी।

दण्डकारण्य में हजारों ऋषि-मुनि तपस्या करते थे, शबरी हीन जाति की थी, स्त्री थी, बालिका थी, अशिक्षिता थी। उसमें संसार की दृष्टि में भजन करनेयोग्य कोई गुण नहीं था किन्तु उसके हृदय में प्रभु के लिये सच्ची चाह थी, जिसके होने से सभी गुण स्वत: ही आ जाते हैं। वह रात्रि में दो बजे उठती; जिधर से ऋषि निकलते उस रास्ते को नदी तक साफ करती। कँकडीली जमीन में बालू बिछा आती। जङ्गल में जाकर लकडी काटकर डाल आती। इन सब कामों को वह इतनी तत्परता से छिपकर करती कि कोई ऋषि देख न लें। यह कार्य वह वर्षो तक करती रही। अन्त में मतंग ऋषि ने उस पर कृपा की और ब्रह्मलोक जाते समय उससे कह गये कि मैं तेरी भक्ति से प्रसन्न हूँ। भगवान् स्वयं आकर तेरी कुटी पर ही तुझे दर्शन देंगे।

भगवान् अयोध्यापुरी में अवतीर्ण हुए। माता कैकेयी के कारण उन्हें वनवास हुआ। श्रीसीता और लक्ष्मणसहित वे दण्डकारण्य में आ रहे हैं, यह बात सर्वत्र फैल गयी। शबरी को भी पता चला। बस, फिर क्या था, गुरु महाराज कह ही गये हैं, भगवान् स्वयं पधारेंगे। सुबह उठते ही शबरी सोचती-प्रभु आज अवश्य ही पधारेंगे। यह सोचकर जल्दी-जल्दी दूर तक रास्ते को बुहार आती, पानी से छिडकाव करती। गोबर से जमीन लीपती। जङ्गल में जाकर मीठे-मीठे फलों को लाती, ताजे-ताजे पत्तों के दोने बनाकर रखती। ठंडा जल खूब साफ करके रखती और माला लेकर रास्ते पर बैठ जाती। एकटक निहारती रहती। तनिक सी आहट पाते ही उठ खडी होती। बिना खाये-पीये सूर्योदय से सूर्यास्त तक बैठी रहती। जब अँधेरा हो जाता तो उठती, सोचती आज प्रभु किसी मुनि के आश्रम पर रह गये होंगे, कल जरूर आ जायँगे। बस, कल फिर इसी तरह बैठती और न आने पर कल के लिये पक्का विचार करती, ताजे फल लाती। इस प्रकार उसने बारह वर्ष बिता दिये। गुरु के वचन असत्य तो हो नहीं सकते। आज नहीं तो कल जरूर आवेंगे इसी विचार से वह निराश कभी नहीं हुई। भगवान् सीधे शबरी के आश्रम पर पहुँचे। उन्होंने अन्य ऋषियों के आश्रमों की ओर देखा भी नहीं। शबरी के आनन्द का क्या ठिकाना? वह चरणों में लोट-पोट हो गयी। नेत्र के अश्रुओं से पैर धोये, पलकों के पाँवडे बिछाये, हृदय के सिंहासन पर भगवान् को बिठाया, भक्ति के उद्रेक में वह अपने आपको भूल गयी। सुन्दर-सुन्दर फल खिलाये और पंखा लेकर बैठ गयी। फिर शबरी ने स्तुति की, भगवान् ने नवधा भक्ति बतलायी, और शबरी को नवधा भक्ति से युक्त बतलाकर उसे निहाल किया। 

एकलव्य


एकलव्य, हिरण्य धनु नामक निषाद का पुत्र था। एकलव्य को अप्रतिम लगन के साथ स्वयं सीखी गई धनुर्विद्या और गुरुभक्ति के लिए जाना जाता है। पिता की मृत्यु के बाद वह श्रृंगबेर राज्य का शासक बना। अमात्य परिषद की मंत्रणा से उसने न केवल अपने राज्य का संचालन करता है, बल्कि निषाद भीलों की एक सशक्त सेना और नौसेना गठित कर के अपने राज्य की सीमाओँ का विस्तार किया।
महाभारत में वर्णित कथा के अनुसार एकलव्य धनुर्विद्या सीखने के उद्देश्य से द्रोणाचार्य के आश्रम में आया किन्तु निषादपुत्र होने के कारण द्रोणाचार्य ने उसे अपना शिष्य बनाना स्वीकार नहीं किया। निराश हो कर एकलव्य वन में चला गया। उसने द्रोणाचार्य की एक मूर्ति बनाई और उस मूर्ति को गुरु मान कर धनुर्विद्या का अभ्यास करने लगा। एकाग्रचित्त से साधना करते हुये अल्पकाल में ही वह धनु्र्विद्या में अत्यन्त निपुण हो गया। एक दिन पाण्डव तथा कौरव राजकुमार गुरु द्रोण के साथ आखेट के लिये उसी वन में गये जहाँ पर एकलव्य आश्रम बना कर धनुर्विद्या का अभ्यास कर रहा था। राजकुमारों का कुत्ता भटक कर एकलव्य के आश्रम में जा पहुँचा। एकलव्य को देख कर वह भौंकने लगा। कुत्ते के भौंकने से एकलव्य की साधना में बाधा पड़ रही थी अतः उसने अपने बाणों से कुत्ते का मुँह बंद कर दिया। एकलव्य ने इस कौशल से बाण चलाये थे कि कुत्ते को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी। कुत्ते के लौटने पर कौरव, पांडव तथा स्वयं द्रोणाचार्य यह धनुर्कौशल देखकर दंग रह गए और बाण चलाने वाले की खोज करते हुए एकलव्य के पास पहुँचे। उन्हें यह जानकर और भी आश्चर्य हुआ कि द्रोणाचार्य को मानस गुरु मानकर एकलव्य ने स्वयं ही अभ्यास से यह विद्या प्राप्त की है।
कथा के अनुसार एकलव्य ने गुरुदक्षिणा के रूप में अपना अँगूठा काटकर द्रोणाचार्य को दे दिया था। इसका एक सांकेतिक अर्थ यह भी हो सकता है कि एकलव्य को अतिमेधावी जानकर द्रोणाचार्य ने उसे बिना अँगूठे के धनुष चलाने की विशेष विद्या का दान दिया हो। कहते हैं कि अंगूठा कट जाने के बाद एकलव्य ने तर्जनी और मध्यमा अंगुली का प्रयोग कर तीर चलाने लगा। यहीं से तीरंदाजी करने के आधुनिक तरीके का जन्म हुआ। निःसन्देह यह बेहतर तरीका है और आजकल तीरंदाजी इसी तरह से होती है। वर्तमान काल में कोई भी व्यक्ति उस तरह से तीरंदाजी नहीं करता जैसा कि अर्जुन करता था। 

कलेड़ी की रानी चेनम्मा


केलाड़ी कर्नाटक के मलनाड क्षेत्र में एक राज्य था। सन १६६४ में सोमशेखर नायक केलाड़ी का राजा बना। वह एक कुशल और धार्मिक राजा था। उसने अपने राज्य में कई सुधार कार्य किये।
एक बार राजा रामेश्वर मेले में गया था।
वहां उसने एक बहुत ही सुंदर लड़की चेनम्मा को देखा।
चेनम्मा की खूबसूरती ने राजा का ध्यान आकर्षित किया और वह उससे प्यार करने लगा। राजधानी लौटकर राजा ने अपने मुख्यमंत्री को बुलाकर चेन्नमा के बारे में बताया और उससे शादी करने की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने एक सामान्य लड़की से शादी न करने की सलाह दी पर राजा ने कहा कि वह
शादी करेगा तो सिर्फ चेनम्मा से वर्ना नहीं। अंततः राजा और चेनम्मा की शादी बड़ी धूमधाम और शाही वैभव के साथ संपन्न हुई।
चेनम्मा राजघराने की गरिमा का सम्मान करते हुए एक कुशल रानी की तरह राजघराने का कार्य देखने लगी। वह राज्य के विषयों में रूचि लेती और
महतवपूर्ण मामलों पर राजा को बहुमूल्य सलाह भी देती। चेनम्मा राजमहल के कर्मचारियों से अपने बच्चो की तरह प्यार करती थीं।
लेकिन अच्छा समय सदा के लिए नहीं रहता। चेनम्मा का पति एक नर्तकी के चक्कर में पड़ गया। वह राज-काज उपेक्षा कर नर्तकी के साथ ही रहने लगा। इससे राज्य की स्थिति ख़राब होने लगी। जब कलेड़ी की कमजोरी पडोसी राज्य बीजापुर के सुल्तान को पता लगी तो उसने इसे कलेड़ी पर आक्रमण करने का सुनहरा अवसर माना।
यह देखकर चेनम्मा ने शासन की बागडोर अपने हाथ में ले ली। जिन हाथों में चूड़ियाँ हुआ करती थीं अब उन हाथों में तलवार थी। इस बीच बीजापुर के सुलतान ने चेनम्मा के पति की हत्या करा दी।
चेनम्मा निसंतान थी। राज्य के वारिस के रूप में उसने बसप्पा नायक को गोद ले लिया। चेनम्मा के मंत्रिमंडल में अति विश्वसनीय और कुशल मंत्री थे
और सेना में बहादुर सैनिक। उसके नेतृत्व में कलेड़ी की सेना ने बीजापुर के सुल्तान के गलत इरादों को नेस्तनाबूद कर दिया।
युद्ध में चेनम्मा के हाथों बीजापुर परस्त हुआ। सन १६७१ में चेनम्मा को आधिकारिक तौर पर कलेड़ी की रानी घोषित किया गया। इसके बाद पच्चीस वर्षों तक चेनम्मा ने कलेड़ी पर राज्य किया।
चेनम्मा के राज्यकाल में कलेड़ी में शांति स्थापित हुई। इससे राज्य में खुशहाली बढ़ी। उन्होंने कई प्रकार के धार्मिक कार्य किये।
मंदिरों का जीर्णोद्धार कर विशेष पूजा की व्यवस्था की। मठों को स्थापित करने के लिए भूमि दी और अन्य राज्यों के विद्वानों को कलेड़ी में बसने के लिए आमंत्रित किया। इसके लिए उन्होंने विद्वानों के लिए घरों की व्यवस्था की।
चेनम्मा बहुत ही धार्मिक विचारों की रानी थी और अपनी सभी विजयों का श्रेय भगवान् को देती थीं। चेनम्मा के प्रभाव को बढ़ते देखकर पडोसी राज्य मैसूर की सेना ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने मैसूर की सेना को दो बार परास्त किया।
अंततः मैसूर के राजा ने कलेड़ी से संधि करनी पड़ी।
प्रत्येक दिन, रानी चेनम्मा प्रार्थना और पूजा के बाद भिक्षुओं और सन्यासियों को दान देती थीं। एक बार चार सन्यासी रानी के पास आये। इन चारों का व्यवहार सन्यासियों जैसा नहीं था जिसे रानी ने भांप लिया। रानी के पूछने पर इन चारों का सरदार ने बताया की वह छत्रपति शिवाजी का पुत्र रामराज है।
शिवाजी के पुत्र को इस हालत में देखकर रानी दंग रह गयी। उन्हें विश्वास नहीं हुआ कि पूरे महाराष्ट्र में हिन्दुओं की रक्षा करने वाले शिवाजी के पुत्र उनके राज्य में शरण चाहते हैं। राजाराम ने औरंगजेब द्वारा उनके भाई शम्भाजी कि हत्या और हिन्दुओं पर उसके अत्याचार की बात सुनकर रानी को बहुत दुःख हुआ। उन्होंने राजाराम और उसके साथियों को शरण दी और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि उनकी देखभाल एक विशिस्ट अतिथि की तरह हो। औरंगजेब ने चेनम्मा द्वारा शिवाजी के पुत्र को शरण देने का बहाना बनाकर कलेड़ी पर आक्रमण कर दिया। लेकिन चेनम्मा की बहादुर सेना ने औरंगजेब की सेना के दाँत खट्टे कर दिए और अंततः मुग़ल सेना को कलेड़ी के साथ संधि करनी पड़ी।
ऐसी वीरांगना और धर्मपरायण नारी थी कलेड़ी की रानी चेनम्मा।
इनका नाम सुनहरे अक्षरों में भारत के इतिहास में लिखा है।

Thursday, 17 January 2013

स्वामी आत्माराम जी 'लक्ष्‍य'

जब रैगर जाति सामन्‍त शाही धर्मनीति के अन्‍दर बुरी तरह कुचली जा रही थी, तब रैगर बन्‍धु मनुष्‍य से दूर पशुतर जीवन व्‍यतीत कर रहे थे और जब कुछ नवयुवक अपने इस सामाजिक व्‍यवस्‍था से छुटकारा पाने के लिये कुछ कर गुजरने के लिए व्‍यथित थे उस समय इन बिखरी हुई शक्तियों को एक सूत्र में पिरोने के लिये उसको एक निर्दिष्‍ट मार्ग देने के लिये उस परम पिता परमात्‍मा की कृपा से जयपुर राज्‍य के अन्‍तर्गत शिवदासपुरा ग्राम में श्री गणेशराम जी खोरवाल के यहां विक्रम सम्‍वत् 1964 (17अगस्‍त 1907) की कृष्‍ण जन्‍माष्‍टमी को एक पुत्र रत्‍न का जन्‍म हुआ । जिसका नाम कन्‍हैयालाल रखा गया । बालक कन्‍हैयालाल के पिता एवं माता श्रीमती पाँचा देवी बहुत ही साधु प्रकृति के व्‍यक्ति थे ।
       ईश्‍वर अपने आगामी कार्यों की झलकी कई बार प्रकृति के द्वारा देता है । भगवान को शायद यह इष्‍ट था कि बालक कन्‍हैयालाल आगे चल कर रैगर जाति में एक सामाजिक क्रान्ति का सूत्रपात करें । इसके लिये सबसे आवश्‍यक था बालक को प्रारम्‍भ से ही पकाना, उसे कष्‍टसाध्‍य बनाना ,जिस प्रकार सोने को आग में डालकर पवित्र किया जाता है । उसी प्रकार उस परमपिता परमेश्‍वर ने बालक कन्‍हैयालाल जी को विपत्तियों पर विपत्ति आई उनकी जीवन के प्रथम तीन वर्ष पश्‍चात् जब इनके पिता की मृत्‍यु हुई और इसके पश्‍चात् जब इनकी माता का स्‍वर्गवास हुआ ।
       बालक कन्‍हैयालाल अनाथ हो गये और इसी अवस्‍था में उनके जीवन का दूसरा (अध्‍याय) शुरू होता है । जबकि उनकी भुआजी दिल्‍ली में रहती थी उन्‍हें अपने पास पालन-पोषण हेतु ले आई । बुआ फूफा भी निर्धनि थे, अत: वह इन्‍हें किसी प्रकार की शिक्षा नहीं दिला सके । अभावों में पलता हुआ बाल निर्धनता के झकोरे खाता रहा । इन परिस्थितियों ने बालक के हृदय में दया का भाव भरा, और भरा उसमें करूणा का अथाह सागर शायद बालक कन्‍हैयालाल का बाल हृदय इस संसार से क्षुब्‍ध हो जाता परन्‍तु भुआ के मात्रवत स्‍नेह ने उन्‍हे जकड़े रखा और माता के प्‍यार से वंचित बालक के हृदय ने भुआ के स्‍नेह से ओत-प्रोत हो उसी में अपनी मां को प्राप्‍त किया ।
      छोटी आयु में ही इच्‍छा न रहते हुए भी इनका विवाह हो गया । लेकिन यह अपने गृहस्‍थ जीवन से सन्‍तुष्‍ट नहीं थे । कुछ तो बचपन से ही इनके हृदय में जातीय सुधार सम्‍बन्‍धी अंकुर विद्यमान थे एवं इन्‍हें से प्रेरित होकर ही इन्‍होंने विवाह का विरोध भी किया । इनका गृहस्‍थ जीवन से असन्‍तुष्‍ट रहने का मुख्‍य कारण इनके विचारों का अपनी स्‍त्री के विचारों से ताल-मेल न होना था । इनकी धर्मपत्‍नी कुटिल स्‍वभाव की स्‍त्री थी उससे यह हमेशा दुखी रहा करते थे । यह भी शायद ईश्‍वर की पूर्व निश्चित योजना के अनुसार ही था अन्‍यथा यदि कन्‍हैयालाल‍ को एक सुचरित्रा ग्रहणी मिल जाती तो वह उसी में उलझ जाते और कन्‍हैयालाल केवल कन्‍हैयालाल ही रह जाते ।
      बचपन से ही श्री कन्‍हैयालाल जी कुशाग्र बुद्धि के थे इनको बचपन से ही भजन कीर्तन में अत्‍यधिक रूचि थी । जिसका मुख्‍य कारण यह था कि वह अपने साढू भाई श्री भगताराम रातावाल के घर में ही रहा करते थे एवं श्री भगतारामजी श्री स्‍वामी मौजीराम के मुख्‍य शिष्‍यों में से एक थे एवं सतसंगों में उनकी प्रमुख रूचि थी । इसीलिए अपने प्रारम्भिक अवस्‍था से ही यह भजन लिखा करते थे । दिल्‍ली क्‍लाथ मिल्‍स में जब से इन्‍होने कार्य करना प्रारम्‍भ किया वहां यह कुछ कबीर पंथ के अनुयायियों के सम्‍पर्क में आ गये । उनके साथ प्रतिदिन कार्य करने से एवं निरन्‍तर के सामीप्‍य के कारण शनै: शनै: यह कबीरदास जी के विचारों से प्रभावित होते रहे । उनके कबीर पंथी अनुयायियों के सम्‍पर्क में आने से इनका सम्‍बन्‍ध कबीर पन्‍थी महात्‍माओं से भी बढने लगा और उन पर इनकी प्रतिभा पूर्ण व्‍यक्तित्‍व का प्रभाव पडा एवं उन महात्‍माओं ने इनको अपने सम्‍प्रदाय में सम्मिलित करने का सफल प्रयास किया । इसके पश्‍चात् तो वह पूर्णतया कबीरपन्‍थी सम्‍प्रदाय के अनुयायी बन गए । अब इनका अधिक समय कबीरपन्‍थी साधुओं के साथ व्‍यतीत होने लगा कबीरपन्‍थी होने पर इनका पर्यटन भी बढ गया था पर्यटन में भ्रमण आदि में इनको बहुत सी कठिनाई उठानी पड़ी । श्री कन्‍हैयालाल जी स्‍वामी मौजीराम एवं स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी के शिष्‍यों से समय-समय पर शास्‍त्रार्थ किया करते थे । इनको शंका समाधान करने का बडा शोक था । एक बार तो पूर्व निश्चित कार्यक्रम के अनुसार इनके अन्‍य कबीरपंथी साथियों का स्‍वामी मौजीराम जी के मध्‍य एक शास्‍त्रार्थ हेतु वृहद सत्‍संग दिन में गुरूद्वारा (वर्तमान श्री विष्‍णु मन्दिर) में हुआ था । इस सत्‍संग में दंगली भजनों के माध्‍यम से ही तर्को का खण्‍डन मण्‍डन हुआ श्री कन्‍हैयालाल जी कबीरपंथी पक्ष का नेतृत्‍व कर रहे थे, स्‍वामी मौजीराम जी के शिष्‍य भी इनकी प्रतिभा से प्रभावित हुए । तत्‍पश्‍चात् तो श्री कन्‍हैयालाल जी का एवं सत्‍संगीयों के साथ परस्‍पर सम्‍बन्‍ध घनिष्‍ट से घनिष्‍टतर होते गए, विशेषतया सर्व श्री राम स्‍वरूप जी जाजोरिया, श्री कंवरसेन मौर्य, श्री आसाराम जी सेवलिया, श्री शम्‍भुदयाल जी गोडेगांवलिया, श्री खुशहालचन्‍द मोहनपुरिया के साथ इनका विशेष प्रेम एवं सोहाद्र था । इकने अधिक सम्‍पर्क में आने से इनका कबीरपंथीयों से सम्‍बन्‍ध कम होता रहा एवं शनै: शनै: वैष्‍णव धर्म से प्रभावित होने लगे । एकेश्‍वरवाद के स्‍थान पर अवतारवाद में इनका विश्‍वास बढ़ता गया । समय-समय पर स्‍वामी मौजीराम एवं स्‍वामी ज्ञानस्‍परूप जी भी दिल्‍ली आते रहते थे । जिनसे यह प्रभावित होते रहे ।
       एक समय 'गुरूद्वारा' के समक्ष रात्रि में एक विशाल सत्‍संग हुआ जिसमें स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी उपस्थित थे । इस विशाल सत्‍संग में श्री कन्‍हैयालाल जी ने कबीरपंथी सम्‍प्रदाय का पूर्णतया त्‍याग करके स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी महाराज का शिष्‍यत्‍व ग्रहण किया । कन्‍हैयालाल जी अपने दाम्‍पत्‍य जीवन से बहुत दुखी रहते थे इसलिए अपने इस सांसारिक मोहमाया की जन्‍जीर तोड़कर एक धोती एवं लोटा लेकर घर को पूर्णतया त्‍याग कर निकल पडे । घर से निकल कर सीधे स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी के टडू आदमी के आश्रम सिन्‍ध में पहॅुचे । स्‍वामी जी ने इनकी कई परीक्षाऐं ली और इन्‍हें घर वापस जाने के लिए दबाव दिया लेकिन अन्‍तत इन सभी परीक्षाओं में वे उत्‍तीर्ण हुए, इनके घर त्‍याग के पीछे भी दिल्‍ली के सत्‍संगियों की प्रेरणा थी, स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी ने इनको अंगीकार किया इनको साधुता की दीक्षा दी । स्‍वामीजी ने इनका नाम आत्‍माराम रखा स्‍वामीजी यह पूर्णतया जानते थे कि शिक्षा के बिना कोई भी व्‍यक्ति न स्‍वयं की नही समाज की उन्‍नति कर सकता है । इस हेतु स्‍वामी जी ने आत्‍माराम को पढ़ाने का निश्‍चय किया प्रारम्भिक शिक्षा के लिए स्‍वामीजी ने इसके लिए पं. लच्छिराम नामक अध्‍यापक रखा । श्री आत्‍माराम जी ने इनसे विचार सागर नाम ग्रन्‍थ का अध्‍ययन किया स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी ने सोचा कि शास्‍त्रों के अध्‍ययन के लिए संस्‍कृत का ज्ञान अत्‍यावश्‍यक है एवं श्री आत्‍माराम जी को संस्‍कृत का अध्‍ययन करने की अधिक इच्‍छा थी स्‍वामी जी ने इनको ''श्री ताराचंद जय राम दास संस्‍कृत पाठशाला'' हैदराबाद (सिन्‍ध) में प्रवेश दिलाया इनके अध्‍यापक का नाम श्री फतेहचंद जी था । यह हैदाराबाद में स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी के एक अन्‍य आश्रम में अकेले रहने लगे एवं नियमितरूप से विद्या अध्‍ययन करने लगे इस छोटे आश्रम के चारों तरफ चार दिवारी एवं एक छोटी सी कुटीया थी श्री आत्‍माराम जी ने बड़े परिश्रम के साथ एवं लगन के साथ मध्‍यमा परीक्षा पास की । श्री आत्‍माराम की बुद्धि एवं मेघा की प्रशंसा उनके अध्‍यापकगण भी मुक्‍त कण्‍ठ से किया करते थे । श्री आत्‍माराम जी ने ''व्‍याकरण भूषणाचार्य'' की परीक्षा काशी विद्यापिठ के पास करने हेतु काशी भी गये । वहाँ भी उन्‍होंने अपने विद्या अध्‍ययन में एकाग्रचित हो ध्‍यान लगाया, इनका शिक्षा भाग श्री स्‍वामी ज्ञानस्‍परूप जी के अतिरिक्‍त दिल्‍ली स्थित स्‍वामी मौजी राम जी एवं स्‍वामी ज्ञानस्‍परूप जी द्वारा संचालित सत्‍संग सभा द्वारा वहन किया जाता था । ''श्री सनातन धर्म सभा'' (वर्तमान श्री स्‍वामी मौजी राम सतसंग सभा) सर्वरूपेण उनको नियमित रूप से आर्थिक सहायता प्रदान करती रही । व्‍याकरण भूषणाचार्य की परीक्षा पास करने के उपरांत स्‍वामी ज्ञानस्‍परूप जी ने आत्‍माराम जी को बताया की उनकी इतनी ही शिक्षा पर्याप्‍त है एवं तत्‍पश्‍चात् उनको रैगर जाति की दुर्दशा का सजीव चित्र प्रस्‍तुत करते हुए उन्‍हे पूर्णतया वास्‍तविकता से अवगत कराया । एवं उन्‍हे निर्देश दिया की जाति सुधार कार्यों में प्रवृत हो जाये । यहा एक विशेष उल्‍लेखनीय बात यह है कि स्‍वामी जी ने दीक्षा के रूप में श्री आत्‍मारामजी को एक 'लक्ष्‍य' समाज सुधार एवं उत्‍थान करना प्रदान किया जिसको आत्‍माराम जी ने अपना 'लक्ष्‍य' स्‍वीकार किया, तभी से इनके नाम के पीछे लक्ष्‍य लगने लगा । इस प्रकार स्‍वामी जी ने श्री आत्‍माराम लक्ष्‍य के हृदय में सुप्‍तावस्‍था में स्थित जाति सुधार भावना को पूर्णतया जागृत कर दिया । स्‍वामी जी के उपदेशों एवं आदेशों से प्रेरित हो श्री आत्‍माराम जी ने अपने जीवन का एक मात्र लक्ष्‍य रैगर जाति की सेवा अर्थात् जाति उद्धार ही बना लिया था । इस प्रकार श्री आत्‍माराम जी लक्ष्‍य जाति उद्धार के लिए लक्ष्‍य लेकर निकल पड़े । गाँव-गाँव में जा-जाकर श्री आत्‍माराम जी ने सत्‍संगों के माध्‍यम से जाति को सुधार सम्‍बंधी मार्ग पर चलने का प्रचार करने लगे । आत्‍माराम जी का जीवन बहुत सादा एवं राष्‍ट्रवादी भावनाओं से पूर्णतया ओत-प्रोत था । भगवाँ वस्‍त्र न पहनने पर भी सभी जगह स्‍वामी जी कहलाये जाते थे । वे हमेशा खद्दर के वस्‍त्र ही पहनते थे एवं सिर पर खादी की टोपी लगाते थे ।
       स्‍वामी जी ने आंधी थौलाई में एक विशाल सत्‍संग बुलाने की इच्‍छा लेकर दिल्‍ली में पदार्पण किया । उस समय दिल्‍ली के रैगर बंधुओं में दुषित वातावरण था । सारा समाज दो मुख्‍य धड़ों मे बटा हुआ था । दोनों में आपस में तीवृ कटूता एवं दूशम‍नी का साम्राज्‍य था । यही नहीं बल्‍की दोनों दलों में आपस में मारपीट की घटना घटित होती रहती थी । दिल्‍ली की पंचायत रूणिवादी पंचों के हाथ में थी । सनातन-धर्मियों (सत्संगीयों) ने समय-समय पर पंचायत के ढाचें को सुधारने का प्रयास किया । यह लोग चाहते थे कि पंचायत का नियमित रूप से आय-व्‍यय रखा जाए और समय-समय पर जॉच-पड़ताल कराई जाए । इन्‍हीं कारणों वश समाज में एक तनावपर्ण परिस्थिति थी । ऐसे समय जबकि एक वर्ग के लोग दूसरे वर्ग द्वारा संचालित किसी भी कार्य का इसीलिए विरोध करते थे कि यह प्रस्‍ताव दूसरे वर्ग का है स्‍वामी जी का पदार्पण विशेष महत्‍वपूर्ण था । इन्‍होंने यहाँ की तनाव एवं कटुतापूर्ण परिस्थितियों का पूर्णतया अध्‍ययन करने के उपरान्‍त एक सफल प्रयास किया जिससे दूषित एवं घृणित, वैमनस्‍यपूर्ण वातावरण के स्‍थान पर सौहार्द्रपूर्ण, प्रेम, शांति एवं जातीय सुधारक वातावरण की स्‍थापना की जा सके ।
       सर्वप्रथम इन्‍होंने अपने विचार को अपने गुरू-भाई सत्‍संगीयों के सन्‍मुख रखा जिन्‍होंने पूर्ण सहयोग देने का आश्‍वासन दिया एवं प्रेरित किया कि स्‍वामी जी अन्‍य रैगर बन्‍धुओं से भी मिलें । स्‍वामी आत्‍माराम जी मोहनलाल पटेल जी से तत्‍कालीन पंचायत के प्रधान थे से मिले एवं उन्‍हें अपने विचारों से अवगत कराया । पटेल जी ने इस कार्य में आशातीत उत्‍साह का प्रदर्शन किया । इस प्रकार स्‍वामी जी ने आर्य समाजियों एवं सत्‍संगीयों के बीच में सौहार्द्रपूर्ण वातावरण उत्‍पन्‍न करने में एक कड़ी का काम किया । उन्‍होंने रैगर समाज के नव युवक वर्ग को एकत्रित किया और उनको जातिय सुधार कार्यों में उत्‍साह के साथ भाग लेने को प्रेरित किया ।
       स्‍वामी आत्‍माराम जी लक्ष्‍य के अथक परिश्रम एवं प्रेरणा से दिल्‍ली स्थित रैगर समुदाय एक व्‍यक्ति (स्‍वामी जी) के नेतृत्‍व में आ गया था । इन्‍हीं की प्रेरणा से मार्च 1944 में एक दिल्‍ली के कार्यकर्ताओं की बेठक आंधी थौलाई में सत्‍संगनुमा विशाल जलसा मनाने के उद्देश्‍य निमित श्री बिहारी लाल जाजोरिया के निवास स्‍थान पर स्‍वामी आत्‍माराम जी की अध्‍यक्षता में हुई । जहा स्‍वामी जी ने नवयुवकों का आह्वान किया कि आपसी कहल का त्‍याग कर जातिय सुधार कार्यों में कन्‍धें से कन्‍धा मिलाकर कार्य करे । इस समय एक दिल्‍ली प्रांतीय रैगर युवक संघ नामक संस्‍था का जन्‍म हुआ । आगे चल कर जिसको स्‍थायी रूप दे दिया गया था । जिसका प्रथम चुनाव निम्‍न प्रकार से था :-

       प्रधान - श्री मोहन लाल जी पटेल
       उप प्रधान - श्री रामस्‍वरूप जी जाजोरिया
       उप प्रधान - श्री ग्‍यारसा राम चान्‍दोलिया
       मंत्री - डॉ. खूबराम जी जाजोरिया
       प्रचार मंत्री - श्री कंवर सैन मौर्य
       कोषाध्‍यक्ष - श्री प्रभुदयाल जी रातावाल

       इनके अलावा लगभग 40 कार्य-कारिणी के सदस्‍य भी निर्वाचित किए गए ।
       आंधी थौलाई में जलसा न कर एक अखिल भारतीय स्‍तर पर रैगर महासम्‍मेलन को बुलाने के लिए निश्‍चय किया गया । महासम्‍मेलन के लिए आंधी थौलाई जैसे छोटे से गांव को जो रेल्‍वे स्‍टेशन से भी पर्याप्‍त दूरी पर हे एवं अन्‍य सम्‍बंधित कठिनाई भी थी आदि कई कारणों को दृष्टि में रखते हुए इस स्‍थान को महासम्‍मेलन के लिए अनुपयुक्‍त समझा गया । तत्‍पश्‍चात् उक्‍त गांव के स्‍थान पर 'दौसा' नगर उपयुक्‍त समझा गया । इस संघ की ओर से ही डॉ. खूबराम जी जाजोरिया एवं श्री आशाराम जी सेवलिया का एक शिष्‍टमण्‍डल दौसा नगर में महासम्‍मेलन की स्थिति जांचने के लिए भेजा गया । इसके पश्‍चात् इस संघ के अंतर्गत एक शिष्‍टमण्‍डल सर्व श्री नवल प्रभाकर एंव श्री कंवर सैन मौर्य का जावला तथा परबतसर के रैगरों पर होने वाले अत्‍याचारों की जॉच के लिए भेजा गया जहां उन्‍हें पूर्णतया सफलता प्राप्‍त हुई ।
       स्‍वामी आत्‍माराम जी लक्ष्‍य दौसा महासम्‍मेलन के स्‍वागताध्‍यक्ष थे । एवं इस सम्‍मेलन का आयोजन उन्‍हीं की प्रेरणा से हुआ था । सवागताध्‍यक्ष होने पर तो सारा कार्य ही इनके कन्‍धों पर था । महासम्‍मेलन को पूर्णतया सफल बनाने में इन्‍हें अथक प्रयत्‍न करना पड़ा । उपस्‍वागताध्‍यक्ष श्री नवल प्रभाकर जी ने भी इनका पूर्ण सहयोग दिया एवं कन्‍धें से कन्‍धा मिलाकर कार्य किया ।
       भारतवर्ष में सभी स्‍थानों पर जहां भी रैगर बंधु रहते थे वहां पर स्‍वर्णों के द्वारा अत्‍याचार हो रहे थे । राजस्‍थान के तो गांव-गांव में सजातीय बंधुओं पर सभी स्‍वर्ण हिन्‍दुओं का दुर्व्‍यवहार हो रहा था । स्‍वामी आत्‍माराम जी लक्ष्‍य ने गांव-गांव में जाकर जागृति का मंत्र फूंका जिसके फलस्‍वरूप इन्‍हें कई प्रकार की यातनाओं का सामना करना पड़ा । दौसा महासम्‍मेलन एंव जयपुर महासम्‍मेलन जो इनके अथक प्रयास के ही प्रतिफल थे, के पारित प्रस्‍तावों का प्रचार करने लगे । इनके जीवन काल मे बहुत दर्दनाक एंव हृदयस्‍पर्शी घटनाएं घटित हुई लेकिन उन सभी घटनाओं का वर्णन न कर केवल एक दो महत्‍वपूर्ण घनाओं का वर्णन ही पर्याप्‍त होगा ।
       कनगट्टी (होलगर स्‍टेट) में स्‍वामी आत्‍माराम जी समाज सुधार सम्‍बंधी प्रचार-प्रसार करने हेतु वहाँ पहुँचे । स्‍थानीय रैगर बंधुओं ने बड़े उत्‍साह के साथ इनका स्‍वागत किया जिसे देख स्‍थानीय ठाकुर, जमींदार आदि स्‍वर्ण हिन्‍दू ईर्ष्‍या अग्नि से धधक उठे एवं उन्‍हें यह सहन न हो सका की तथा कथित नीच रैगर जाति का एक साधु का जलूस घोड़े पर उनके गांव में उनकी आँखों के सामने निकाला जाए एंव उनका यह साधु यहां के रैगरों को बेगार न देने, मूर्दा न घसीटने, मुर्दे की खाल न उतारने के लिए इन्‍हें उपेदश दिये । स्‍वर्ण हिन्‍दुओं ने सम्‍म‍िलित रूप में स्‍वामी जी के जलूस पर हमला कर दिया । लाठियों एवं जूतों का प्रहार किया गया । जिससे स्‍वामी जी का बहुत चोट आई लेकिन फिर भी स्‍वामी जी स्‍थानीय रैगर बंधुओं को धर्य प्रदान करते हुए सुधारवादी कार्यों में निरन्‍तर प्रवृत रहने एवं मुसिबतों का दृढ़ता एवं संगठन के साथ मुकाबला करने का उपदेश दिया ।
       एक अन्‍य सबसे महत्‍वपूर्ण घटना स्‍वामी जी के जीवन कोट खावदा ग्राम (जयपुर राज्‍य) में घटीत हुई । यहा पर भी स्‍वामी जी स्‍थानीय रैगर बंधुओं की, जिन पर बेगार आदि न देने पर वहां के ठाकुर लोग अत्‍याचार कर रहे थे, रक्षाहेतु वहां पहुंचे । स्‍वामी जी ने स्‍थानीय स्‍वर्णों को समझाने का प्रयास किया । साथ ही उन्‍होंने रैगर बंधुओं को धेर्य प्रदान करते हुए अपने सुधारवादी कार्यों का दृढ़ता से पालन करने का प्रचार किया । स्‍वर्ण हिन्‍दुओं को इनका प्रचार अच्‍छा नहीं लगा जिसके परिणाम स्‍वरूप वहां के जागीरदारों ने इनको नजरबन्‍द कर लिया एवं इनके साथ दुर्व्‍यवहार एवं मार-पीट की गई । लगभग 24 घंटे तक इनको काठ (जेल) (एक विशेष प्रकार की सजा दोनों टांगों को पर्याप्‍त दूरी पर रखा जाता है) दे दिया गया । इस पर भी स्‍वामी जी ने धैर्य को नहीं छोड़ा स्‍वामी जी कभी भी इन नाना प्रकार की यातनाओं से अपने ध्‍येय से पदच्‍युत नहीं हुए क्‍योंकि इनका एक मात्र लक्ष्‍य जाति उत्‍थान, हमेशा इनके समक्ष बना रहता था ।
       जयपुर महासम्‍मेलन के समय ही इनका स्‍वास्‍थ्‍य खराब हो गया था । स्‍वामी जी के स्‍वास्‍थ्‍य खराब होने का एक कारण यह था कि उन्‍होंने कभी भी अपने स्‍वास्‍थ्‍य की ओर ध्‍यान नहीं दिया । जाति हित के प्रबल चितेरे को अपने स्‍वास्‍थ्‍य का ध्‍यान हो भी केसे सकता था । जयपुर महासम्‍मेलन को सफल बनाने हेतु स्‍वामी जी ने राजस्‍थान के गांव-गांव में पद यात्रा की । दौसा सम्‍मेलन के उपरांत काण्‍डों में स्‍वामी जी को बड़ी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा । स्‍वामी आत्‍माराम जी ने इस महासम्‍मेलन की समाप्ति पटरी मंगलानन्‍द जी को जो महाराज ज्ञानस्‍परूप जी के परम शिष्‍यों में से एक थे एवं उस समय हैदराबाद (सिंध) में पढ़ा करते थे, को अपने उपचार के लिए रोका । उनके आदेशानुसार श्री मंगलानन्‍द जी वहां पर उनके साथ रूक गए । जयपुर से ज्‍येष्‍ठ मास में दिल्‍ली में पहुँचे । दिल्‍ली में महाराज ज्ञानस्‍परूप जी के शिष्‍यों ने इनकी बहुत सेवा की एवं इनका इलाज कराया । स्‍वामी जी का ईलाज आयुर्वेदिक औषधालय तिबिया कालेज में वहां के श्री चन्‍द्रशेखर शास्‍त्री नामक योग्‍य वैद्य द्वारा हुआ लेकिन अन्‍तत: इन्‍हें स्‍वास्‍थ्‍य लाभ नहीं हो सका । विपरीत इसके इनके रोग में निरन्‍तर वृद्धि होती रही । तत्‍पश्‍चात् स्‍वामी आत्‍माराम जी को अपनी रुगणावस्‍था में भी जातिय सुधार कार्यों में भाग लेने की इच्‍छा बनी रहती थी । दिल्‍ली के स्‍वामी जी मंगलानन्‍द जी के साथ जयपुर अजमेर रूकते हुए 'ब्‍यावर' में पहुँचे । ब्‍यावर में स्‍वामी जी श्री सूर्यमल जी मौर्य एंव श्री रामचन्‍द्र जी पवार आदि महानुभावों के यहां विश्राम किया । वहाँ स्‍वामी जी की चिकित्‍सा होने लगी लेकिन कोई सफलता प्राप्‍त नहीं हुई । कुछ समय ब्‍यावर में रूकने के पश्‍चात् हैदराबाद (सिंध) गये वहां स्‍वामी जी के आश्रम पर इनकी चिकित्‍सा होने लगी । वहाँ पर इनकी चिकित्‍सा एक प्रसिद्ध राजपूत वैद्य से कराई गई । उन्‍होंने इनका ईलाज किया एवं स्‍वामी जी को विश्‍वास दिलाया कि वे शीघ्र ही ठीक हो जायेगें लेकिन एकान्‍त में श्री मंगलानन्‍द जी को बताया कि इनका यह संग्रहणी रोग लाइलाज हो गया है । ओर के चार मास में इस नश्‍वर संसार को छोड़कर जायेंगे । इससे मंगलानन्‍द जी पर बज्रपात सा हुआ लेकिन फिर भी ईश्‍वर पर भरोसा करते हुए अपने हृदय को धैर्य प्रदान किया एवं इस तथ्‍य को स्‍वामी जी से छिपाये रखा ।
       इसके पश्‍चात् स्‍वामी आत्‍माराम जी पुन: हैदराबाद से जयपुर श्री मंगलानन्‍द जी के साथ पधारे । इस समय उनके हालात नाजुक दौर से गुजर रहे थे । जयपुर में स्‍वामी जी श्री लालाराम जलुथिरिया चांदलोल गेट के निवास स्‍थान पर रूके श्री लालाराम जी ने भी इनकी सेवा करने में भरसक प्रयत्‍न किया खतरनाक स्थिति में थे । मरणासन अवस्‍था में जब इन्‍हे ऐसा विश्‍वास हो गया कि वे अब इस संसार में केवल थोड़े समय के अतिथि है तो तब स्‍वामीजी ने अपने निकटतम साथी श्री कॅवरसेन मौर्य को याद किया श्री कॅवरसेन मौर्य पर उनका अत्‍यधिक प्रेम था एवं इन दौनों ने समाज कार्यो यथा प्रचार एवं काण्‍ड़ो में कन्‍धे से कन्‍धा मिलाकर कार्य किया था । स्‍वामी जी को श्री कॅवरसेन जी से अपने अधूरे कार्यो की पूर्ति की आशा थी । स्‍वामी जी द्वारा श्री कॅवरसेन जी को तार दिया गया । तार पाते श्री कॅवरसेन मौर्य जी ने दिल्‍ली से प्रस्‍थान किया एवं जयपुर में पहॅुच कर स्‍वीमा जी के दर्शन किये । स्‍वामी जी ने श्री कंवरसेन मौर्य जी को बताया कि वह सम्‍भवत: इस संसार के थोड़े ही दिनों के ही महमान है एवं सारा कार्य ही अधूरा है । इस प्रकार स्‍वामीजी समझते थे कि जिस 'लक्ष्‍य' को प्राप्‍त करने की प्रतिभा लेकर महाराज स्‍वामी ज्ञानस्‍वरुप जी के आशिर्वाद से उस क्षैत्र में पदार्पण किया उसमें सफलता नहीं मिल सकी । इस बात का उन्‍हे बहुत दू:ख था । वस्‍तुत: स्‍वामी आत्‍मारामजी 'लक्ष्‍य' अपने जीवन पर के लक्ष्‍य की प्राप्ति में पूर्ण रूपेण सफल रहे । लेकिन फिर भी उन्‍होंने वसीयत के रुप में अपने जीवन को तीन अन्तिम अभिलाषा व्‍यक्‍त की जिन्‍हे स्‍वामीजी अपने जीवन काल में ही पूरा करना चाहते थे लेकिन कर नहीं सके थे । इन्‍होंने श्री कंवरसेन जी को बताया कि सर्वप्रथम तो रैगर जाति का एक विस्‍तृत इति‍हास लिखा जाना चाहिये, दूसरे जाति के समाचार पत्र का महत्‍व बताते हुए अभिलाषा प्रकट की कि रैगर जाति का अपना एक समाचार पत्र हो । तीसरे रैगर जाति के उच्‍च शिक्षा का अध्‍ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए रैगर छात्रावास का निर्माण होना चाहिए । श्री कंवरसेन मौर्य प्रचार मन्‍त्री अखिल भारतीय रैगर महासभा ने पूर्णतया स्‍वामी जी को विश्‍वास दिलाया एवं यथाशक्ति अधूरे कार्य को पूर्ण करने का आश्‍वासन दिया ।
       परन्‍तु विधाता का विधान कुछ और ही था रैगर जाति का समय प्रयत्‍न, बहुत से लोगों की सेवा एवं प्रसिद्ध वैद्य डाक्‍टरों की औषधियॉ बेकार हो गई । वह दिन भी आया जब जाति का वह सितारा जिसने बहुत से लोगों के मन में ज्‍योति जगाई एवं इन्‍हें समाज सेवा के लिये प्रेरित किया था । 20 नवम्‍बर बुधवार प्रात: काल 1946 को उस 'त्‍याग' मूर्ति के जिसने अपना सारा जीवन अपने 'लक्ष्‍य' की पूर्ति में लगा दिया प्राण पखेरु अनन्‍त गगन की ओर उठ गए । रैगर जाति को प्रकाशित करने वाला वह सूर्य अस्‍त हो गया और हो गया उसके साथ ही रैगर जाति की सामाजिक क्रान्ति का स्‍वर्णिम अध्‍याय ।

(साभार- रैगर कौन और क्‍या ?)

धर्मगुरू स्वामी ज्ञानस्वरूपजी महाराज

'धर्मगुरू' स्‍वामी ज्ञान स्‍वरूप जी महाराज का जन्‍म : 21 अक्‍टूबर, 1895, आश्विन शुक्‍ल त्रियोदशी विक्रम संवत् 1952 को ग्राम गोहाना जिला अजमेर (राजस्‍थान) में रैगर समाज के श्री उदाराम गुसार्इंवाल जी की धर्म पत्‍नी श्रीमति मेंदी बाई के पुत्र रूप में जन्‍म हुआ स्‍वामी जी का जन्‍म का नाम गेनाराम था ।
       बाल्‍यकाल : गेनाराम के माता-पिता धार्मिक प्रवृत्ति के थे जिस कारण से अल्‍प आयु से ही बालक को धार्मिक संस्‍कार प्राप्‍त हुए तथा बचपन से गेनाराम को पढ़ने के लिए विद्यालय भेजा गया क्‍योंकि उनके पिताजी चाहते थे कि पुत्र पढ़ना सीखकर उन्‍हें धार्मिक ग्रंथों गीता, रामायण, महाभारत तथा धर्मशास्‍त्रों को पढ़कर सुनाया करेगा ।
       आरम्‍भ से ही गेनाराम ने काफी मन लगाकर पढ़ाई की इसलिए प्राथमिक शिक्षा से ही हिन्‍दी भाषा में काफी योग्‍यता प्राप्‍त कर ली । लेकिन ग्राम गोहाना की आबादी कम होने के कारण विद्यालय राजकियावास ग्राम स्‍थानान्‍तरित हो गया । इस तरह पढ़ने में लग्‍न होने पर भी आगे की शिक्षा प्राप्‍त नहीं कर सकें । किशोरावस्‍था में पारिवारिक वातावरण के अनुसार स्‍वामी जी की, धार्मिक आध्‍यात्मिक पुस्‍तकों के अध्‍ययन के परिणाम स्‍वरूप भगवद् भक्ति में आस्‍था स्‍थापित हो गई । अब वह चिंतनशील जीवन व्‍यतीत करने लगे । एक बार ग्राम गोहाना में स्‍वामी मौजीराम जी पधारे स्‍वामी जी काफी प्रसिद्धि प्राप्‍त थे । ऐसे अवसर पर उनके उपदेशक प्रवचन बालक गेनाराम ने भी सुने व आत्‍मसात् किये तब स्‍वामी मौजीराम जी ने कहा कि ''प्रत्‍येक व्‍यक्ति को सदा अच्‍छे विचारों पर दृढ़ रहना चाहिए ।'' भौतिकता से आध्‍यात्मिकता की ओर मार्ग प्रशस्‍त करने वाले धर्म उपदेशों पर विस्‍तार सहित प्रकाश डाला जिनसे बालक गेनाराम अत्‍यंत प्रभावित हुए तभी से पारिवारिक जीवन से विमुख रहने लगे सन् 1910 में पिताजी का, 1914 में माताजी, भाभीजी व एक भाई व भतीजे का स्‍वर्गवास हो गया । परिणाम स्‍वरूप कुछ समय के पश्‍चात् परिवार के बुजुर्गों ने गेनाराम के विवाह के प्रयास आरम्‍भ कर दिए । परन्‍तु उन्‍होंने समस्‍त सांसारिक बंधनों को त्‍यागकर अपने आप को स्‍वामी मौजीराम जी के चरणों में अर्पित तथा वैराग्‍य को समर्पित करने का निश्‍चय कर लिया ।

       गुरू की शरण : समस्‍त सांसारिक बंधनों को त्‍याग कर, गेनाराम जी मीरपुर खास सिंध (पाकिस्‍तान) ''मौज आश्रम'' में पहुँच गये । स्‍वामी मौजीराम जी के सानिध्‍य में सन् 1915-16 लगभग दो वर्ष तक रहे । तत्‍पश्‍चात् 12 अगस्‍त 1917 को 21 वर्ष की आयु में रक्षाबंधन के पर्व पर स्‍वामी मौजीराम जी ने गुरू सेवा व भक्ति से प्रसन्‍न होकर गेनाराम को ''ज्ञानस्‍वरूपानंद'' जी के रूप में शिष्‍यत्‍व प्रदान किया । दीक्षा के बाद ज्ञानस्‍वरूप जी ने कई वर्षों तक गुरू आश्रम में रहकर गुरू जी से ज्ञान-योग, कर्म-योग, भक्ति-योग आदि की शिक्षा ग्रहण की तथा शास्‍त्रों का गहन स्‍वाध्‍याय किया व आपने अथक परिश्रम से साधना कर के अनंत ज्ञान को अर्जित किया ।

       भारत-भ्रमण तथा समाजोत्त्थान : ज्ञान प्राप्ति के पश्‍चात् आपने भारत भ्रमण करके देखा कि समाज आध्‍यात्मिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से अत्‍यंत दुर्दशाग्रस्‍त है तब आपने समाज का कायाकल्‍प परिवर्तित करने का संकल्‍प लिया तथा समाजोत्त्थान के कार्य में लग गये । आपने सामाजिक कुरीतियों का अंत करने के लिए सत्‍संगों, सम्‍मेलनों व जलसों के माध्‍यम से जनजागृति पैदाकर सामाजिक उत्त्थान का कार्य किया ।

       शास्‍त्र रचना : स्‍वामी जी ने सामाजिक नव-निर्माण के कार्यों के साथ-साथ, धार्मिक ग्रंथ शास्‍त्रों की रचना कर उनके माध्‍यम से भी आध्‍यात्मिक जनचेतना के लिये कार्य किया । आपके द्वारा रचित शास्‍त्र निम्‍नलिखित है :-
       1. ज्ञान भजन प्रभाकर
       2. अथ आत्‍मज्ञान भास्‍कर
       3. सन्‍ध्‍यादि नित्त्यकर्म 
       4. कुण्‍डलियाँ

       सम्‍मेलनों के माध्‍यम से सामाजिक जागृति : समाज की स्थिति को सुधारने हेतु स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी ने अखिल भारतीय स्‍तर पर रैगर समाज के महासम्‍मेलन में प्रेरणादायी कार्य कर विशेष रूप से योगदान दिया जिसमें आपके ही परम् शिष्‍य स्‍वामी आत्‍माराम 'लक्ष्‍य' जी ने विशेष भूमिका निभाई । आप से अन्‍य समाजों को भी प्रेरणा मिली ।

       ऐतिहासिक महासम्‍मेलन : 28-29 मई, 1944 को स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी महाराज की अध्‍यक्षता में कार्यकर्ता सम्‍मेलन हुआ और यह निर्णय किया गया कि 2,3,4 नवम्‍बर, 1944 को दौसा में प्रथम महासम्‍मेलन का आयोजन किया जाए । स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी के सानिध्‍य में स्‍वामी जी के परम शिष्‍य स्‍वामी आत्‍माराम जी 'लक्ष्‍य' ने अखिल भारतीय रैगर महासभा नामक संस्‍था की स्‍थापना की । इस महासम्‍मेलन में अखिल भारतीय रैगर महासभा के प्रधान श्री भोलाराम तौणगरिया जी को बनाया गया ।

       द्वितीय महासम्‍मेलन : जयपुर में 12-13 अप्रैल 1946 को सम्‍पन्‍न हुआ जिसमें स्‍वामी जी की विक्‍टोरिया रथ पर विशाल शोभा यात्रा तथा जलूस निकाला गया । स्‍वामी आत्‍माराम 'लक्ष्‍य' जी ने ध्‍वजारोहण कर सम्‍मेलन का शुभारम्‍भ किया जिसमें महाराज ज्ञानस्‍वरूप जी ने दूरदर्शी मार्गदर्शक के रूप में अपने विचार समाज के सम्‍मुख रखते हुए, शिक्षा के महत्‍व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि-

       ''शिक्षा शून्‍य कौम कभी भी धन सम्‍पन्‍न व सभ्‍य नहीं हो सकती; जैसे करोड़ों उपाय करने पर भी बीना सूर्य उदय हुए रात्रि का अन्‍त नहीं होता ; अगर आप अपनी कौम का भविष्‍य सम्‍मानमय् देखना चाहते हो तो विद्या पढ़ाईये । ''

       उपरोक्‍त दोनों महासम्‍मेलन स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी महाराज, स्‍वामी आत्‍माराम जी 'लक्ष्‍य' के द्वारा सम्‍पन्‍न हुए, सत्‍संगियों व समाजसंवियों तथा दिल्‍ली प्रां‍तीय स्‍वयं सेवक मण्‍डल का कार्य भी सराहनीय रहा । इस सम्‍मेलन में अखिल भारतीय रैगर महासभा का प्रधान श्री कन्‍हैयालाल रातावाल जी को बनाया गया ।
छात्रावास की स्‍थापना
       सन् 1950 में मारवाड़ क्षेत्र नागोरी गेट (जोधपुर, राजस्‍थान) में श्री ज्ञानगंगा छात्रावास की स्‍थापना कर शिक्षा के प्रसार हेतु आपने अतुलनीय योगदान दिया । वर्तमान में श्री ज्ञानगंगा छात्रावास का संचालन राजस्‍थान जटिया (रैगर) विकास सभा (रजि.) करती है । प्रथम अध्‍यक्ष स्‍वमी ज्ञानस्‍वरूप महाराज ही थे । इसी परम्‍परा के अन्‍तर्गत खेतानाड़ी, मण्‍डोर रोड़ जोधपुर (राज.) में भी छात्रावास स्‍थापित किया गया है जिसमें स्‍वामी गोपाल राम जी तथा स्‍वामी रामानन्‍द 'जिज्ञासु' जी ने महत्‍वपूर्ण कार्य किया है रींगस (राजस्‍थान) में भी ''त्‍यागमूर्त्ति स्‍वामी आत्‍माराम 'लक्ष्‍य' छात्रावास'' की स्‍थापना हुई जो स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूपजी की प्रेरणा का ही परिणाम है । जयपुर में निर्माणधीन रैगर छात्रावास इस क्रम की अगली कड़ी साबित होगी ।

       तृतीय महासम्‍मेलन : 17,18,19 नवम्‍बर, 1964 को सम्‍पन्‍न तृतीय पुष्‍कर महासम्‍मेलन का शुभारंभ स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी महाराज के कर कमलों द्वारा हुआ । कार्यक्रम की अध्‍यक्षता दिल्‍ली निवासी श्री नवल 'प्रभाकर' जाजोरिया जी तत्‍कालिन सांसद (लोकसभा) करोल बाग ने की । इसमें पूर्व महासम्‍मेलनों में पारित प्रस्‍तावों पर विचार हुआ तथा समाजोपयोगी प्रस्‍ताव पारित किये गये । और श्री नवल 'प्रभाकर' जी अखिल भारतीय रैगर महासभा के अध्‍यक्ष बनाए गए ।

       अजमेर अखिल भारतीय रैगर महासभा कार्यकारिणी की बैठक : अजमेर में अखिल भारतीय रैगर महासभा कार्यकारिणी तथा विशिष्‍ट व्‍यक्तियों की दिनांक 8-9 अक्‍टूबर, 1977 की बैठक में प्रस्‍ताव संख्‍या 6 के अन्‍तर्गत श्री छोगालाल कंवरिया जी को अ.भा. रैगर महासभा का प्रधान बनाया गया ।

       चतुर्थ महासम्‍मेलन : स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी के आशीर्वाद से तथा श्री धर्मदास शास्‍त्री तत्‍कालिन सांसद करोलबाग, के प्रयासों से 6-7 अक्‍टूबर 1984 को जयपुर में आयोजित किया गया जिसमें विशिष्‍ट अतिथि भारत की तत्‍कालीन प्रधानमंत्री तथा विश्‍व नेत्री श्रीमति इन्दिरा गांधी जी ने रैगर समाज का सम्‍मान करते हुए सम्‍बोधित किया । इस समय अखिल भारतीय रैगर महासभा के अध्‍यक्ष राजस्‍थान सरकार के पूर्व चिकित्‍सा मंत्री श्री छोगालाल कंवरिया जी थे । इस महासम्‍मेलन में श्री धर्मदास शास्‍त्री जी सांसद को नवनियुक्‍त प्रधान घोषित किया गया । इस में स्‍वामी रामानन्‍द 'जिज्ञासु' जी की उपस्थिति भी उल्‍लेखनीय है ।

       ज्ञानस्‍वरूप अद्वैत आश्रम निर्माण : 15 अगस्‍त 1947 भारत विभाजन के पश्‍चात् स्‍वामी जी सिंध से ब्‍यावर आ गये । जहाँ अमर पटेल जी के यहाँ काफी समय रहने के पश्‍चात् बड़ा बास में आश्रम बनवाया । सन् 1953 में स्‍वामी जी बड़ा बास से नव आबंटित ''ज्ञानस्‍वरूप अद्वैत आश्रम'' जटिया कालोनी, नेहरू नगर ब्‍यावर राजस्‍थान पधार गये । स्‍वामी जी का शेष जीवन यही बीता इसे अब ''धर्म गुरू ज्ञानस्‍वरूप अद्वैत आश्रम'' के नाम से ख्‍याति प्राप्‍त है । आश्रम में खड़ाऊ, कमण्‍डल, रूद्राक्ष माला, हस्‍तलिखित पांडुलिपियाँ और दुर्लभ ग्रंथ आदि आज भी स्‍वामी जी स्‍वरूप महान संत की उपस्थिति का अहसास करवाते है जोकि स्‍मृति में सुरक्षित हैं

       1. विष्‍णु मंदिर (करोल बाग) : भारत की राजधानी दिल्‍ली के मध्‍यक्षेत्र, करोल बाग, 18, रैगरपुरा पर स्‍वामी मौजीराम जी महाराज एवम् स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी तथा उनके दिल्‍ली निवासी शिष्‍यों के उदार हृदयी प्रयासों से विष्‍णु मंदिर का निर्माण हुआ महाराज जी जब भी दिल्‍ली आते थे तो इसी स्‍थल पर ठहरते थे तथा विश्राम करते थे । इसी कारण मंदिर निर्माण से पूर्व यह स्‍थान ''गुरूद्वारा'' के नाम से प्रसिद्ध था । यह स्‍वामी मौजीराम जी महाराज द्वारा समाज में आरंभ की गई सर्वकल्‍याणकारी धर्म की गंगधारा तथा ''ज्ञानस्‍वरूप पंरम्‍परा'' स्‍वामी आत्‍माराम जी 'लक्ष्‍य' ; स्‍वामी रामानन्‍द जी 'जिज्ञासु' तथा स्‍वामी अनन्‍तानन्‍द जी (पं. चुन्‍नीलाल सौकरिया) व पूज्‍यनीय संतों के नाम से विष्‍णु मंदिर रैगरपुरा करोल बाग दिल्‍ली में सर्वप्रमुख विश्राम स्‍थल तथा स्‍मारक स्‍थल भी हैं मन्दिर के द्वितीय तल पर ''धर्मगुरू स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप सत्‍संग सभागार'' बना हुआ है जिसमें वरिष्‍ठ गुरूओं की प्रतिमाओं के साथ साभागार के मध्‍य में स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी की आभामयी भव्‍य प्रतिमा स्‍थापित है ।

       2. शालिग्राम मन्दिर (मलूसर) : 25-05-1951 को स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी के कर कमलों द्वारा मलूसर, अजमेर (राज.) स्थित शालिग्राम मन्दिर में मूर्ति स्‍थापना मन्दिर कलश ध्‍वजारोहण स्‍वामी जी द्वारा किया गया तथा इस क्षेत्र में एक पंचायत के माध्‍यम से सामाजिक सुधार का कार्यक्रम आरम्‍भ किया गया ।

       3. गंगा माई मन्दिर (संतगनर, नई दिल्‍ली) : सन् 1957 में संतनगर करोल बाग में श्री गंगा माई जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्‍ठा स्‍वामी जी द्वारा की गई ।

       4. श्री त्रिवेणी गंगा मन्दिर (साईवाड़) : इस मन्दिर में श्री गंगा माई की मूर्ति प्राण-प्रतिष्‍ठा स्‍वामी जी द्वारा 5 मार्च, 1969 को ग्राम साईवाड़ (राज.) में की गई ।

       5. श्री गंगा मन्दिर (ब्‍यावर) : 20-04-1976 को जटिया कालोनी ब्‍यावर में श्री गंगा माई मन्दिर का शिलान्‍यास स्‍वामी जी द्वारा किया गया ।

       6. श्री बाबा रामदेव मन्दिर (बीडनपुरा नई दिल्‍ली करोलबाग) : 18 सितम्‍बर, 1980 को श्री बाबा रामदेव जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्‍ठा स्‍वामी जी द्वारा की गई ।

       7. ''जिज्ञासु आश्रम'' (पीपाड़) : सन् 1982 में 'स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी महाराज' द्वारा पीपाड़ शहर (राज.) में विशाल आश्रम का शिलान्‍यास किया गया जिस कार्य कों स्‍वामी 'स्‍वामी रामानन्‍द जिज्ञासु जी' द्वारा पूर्ण किया गया । यह आश्रम अपनी भव्‍यता तथा विशालता के लिये ''जिज्ञासु आश्रम'' के रूप में प्रसिद्ध है ।

       8. रैगर धर्मशाला हरिद्वार : विश्‍व की पवित्र धार्मिक नगरी हरिद्वार (बिरला रोड़) पर रैगर धर्मशाला का उद्घाटन 19 जून 1983 को स्‍वामी रामानन्‍द जिज्ञासु जी (पीपाड़) तथा स्‍वामी गोपाल राम जी महाराज (नागौर) के अथक प्रयासों से आप दोनों की ही उपस्थिति में उद्घाटन हुआ । समाज हित में इस धर्मपरायण व सराहनीय कार्य हेतु भी सर्वप्रथम स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी महाराज का आदेश तथा इसमें स्‍वामी केवलानन्‍द जी का सहयोग रैगर समाज के लिए सदा अविस्‍मरणीय रहेगा । हरिद्वार में रैगर धर्मशाला की स्‍थापना सदा रैगर समाज के महान सपूतों एवम् इन महान संतो की अमर कीर्ति पताका फहराती रहेगी । जिसमें समाज के प्रत्‍येक व्‍यक्ति को सहयोग हेतु भी तत्‍पर रहना होगा, क्‍योंकि यह समाज की अमूल्‍य धरोहर है ।


छात्रावास की स्‍थापना

       किसी भी कार्य के लिए सर्वप्रथम विचार ही मन-मस्तिष्‍क में जन्‍म लेते है । उनको साकार करने और क्रांति रूप देने के लिए प्रचार-प्रसार की अति आवश्‍यकता होती है । संभवत: इसी विचार को दृष्टिगत् रखकर स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूपजी की अध्‍यक्षता में 2 अक्‍टूबर 1948 को ''जागृति पत्र प्रकाशन समिति'' संस्‍था की स्‍थापना की गई तथा ''जागृति'' राष्‍ट्रीय समाचार पत्र का प्रथम अंक भी इसी दिन प्रकाशित किया गया । सम्‍पादक का कार्यभार ब्‍यावर निवासी 'स्‍वतंत्रता सेनानी' श्री सूर्यमल मोर्य जी ने संभाला इस पत्र के केवल 30 अंक ही प्रकाशित हो सके । अब स्‍वामी जी के इस अधूरे स्‍वप्‍न को पूर्ण करने में विशेषत: रैगर ज्‍योति पत्रिका (हिन्‍दी मासिक), रैगर रधुवंशी रक्षक (पाक्षिक समाचार पत्र), भारत-दशा (पाक्षिक समाचार पत्र), रैगर समाज की वेबसाईट (www.theraigarsamaj.com) व अन्‍य पत्र-पत्रिकायें दिन-रात संलग्‍न है, ताकि स्‍वामी जी के ध्‍येय को शीघ्र प्राप्‍त किया जा सके । समस्‍त समाज को इस महायज्ञ में अपना विशेष योगदान निरन्‍तर जा‍री रखना होगा ।

       विशाल अविस्‍मरणीय सत्‍संग : तत्‍कालीन सनातन धर्म सत्‍संग सभा (वर्तमान स्‍वामी मौजीराम सत्‍संग सभा) का ''31वाँ वार्षिक महोत्‍सव'' पण्डित मदन मोहन मालवीय जी के शिष्‍य 'गोस्‍वामी श्री गणेश दत्त महाराज जी' की अध्‍यक्षता तथा 'स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी महाराज' के सानिध्‍य में दिनांक 9-10 अप्रैल 1949 को विष्‍णु मन्दिर, 18, रैगरपुरा पर बड़े उत्‍साहपूर्वक मनाया गया । महात्‍सव में प्रतिष्ठित धर्मप्रेमियों में दिल्‍ली क्‍लोथ मिल्‍स के सेठ 'सर' श्रीराम-बिड़ला परिवार के सेठ श्री जुगल किशोर बिड़ला, लोकसभा उपाध्‍यक्ष श्री अनन्‍त शयनम् आयंगर, तत्‍कालीन चीफ कमिश्‍नर परामर्शदात्री समिति दिल्‍ली के सदस्‍य डा. खूबराम जाजोरिया जी एवम् गोस्‍वामी गिरधारी लाल शास्‍त्री आदि महानुभाव धर्मप्रेमी धार्मिक जगत के महान विभूति स्‍वरूप संतों के चरण कमलों में उपस्थित थे । सत्‍संग सभा के तत्‍कालीन प्रधान श्री रामस्‍वरूप जाजोरिया जी तथा मंत्री श्री कंवर सैन मौर्य जी की अति विशिष्‍ट व उल्‍लेखनीय भूमिका रही ।

       सनातन धर्म तथा समाज को असीम भेट : स्‍वामी जी ने अपने परम शिष्‍य त्‍याग मूर्ति स्‍वामी आत्‍माराम जी 'लक्ष्‍य' स्‍वामी रामानन्‍द जी 'जिज्ञासु' तथा स्‍वामी अनंतानन्‍द जी (पं. चुन्‍नीलाल सौंकरिया जी) के रूप में समाज को पथ-प्रदर्शक तथा प्रकाश सतम्‍भ दिये । जिनके असीम प्रकाश की अविस्‍मरणीय झलक आज भी समाज में प्रकाशपुँज दायिनी है । जिन्‍होंने सम्‍मेलनों के माध्‍यम से शिक्षा तथा सामाजिक सुधारों के लिये विशेष योगदान कर, सामाजिक कु‍रीतियों के अंत के लिए मार्ग प्रशस्‍त किया ।

       स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी का ''महानिर्वाण'' : ''जिज्ञासु-आश्रम'' पीपाड़ शहर जोधपुर (राजस्‍थान) में दिनांक 25 फरवरी, 1985 को स्‍वामी रामानन्‍द जिज्ञासु जी की उपस्थिति में ''महानिर्वाण'' को प्राप्‍त हुए । स्‍वामी जी के ब्रह्मलीन होने की सूचना मिलते ही सारे देश से उनके श्रद्धालु शिष्‍य जन अंतिम दर्शनार्थ श्रद्धा सुमन अर्पित करने को जिज्ञासु आश्रम पहुँचते रहे । स्‍वामी जी की पावन देह 26-27 फरवरी, 1985 तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखी गई 28 फरवरी, 1985 को उनके हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्‍य विशाल अन्तिम यात्रा निकाली गई उनकी पावन देह वैदिक मन्‍त्रोचार के साथ अग्नि को समर्पित की गई ।
       इस प्रकार 'धर्मगुरू' स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप जी महाराज सामाजिक कल्‍याणकारी धर्म की अविरल परम्‍परा का सूत्रपात कर, परमपिता परमात्‍मा में विलीन सदा-सदा के लिए अजर-अमर हो गये तथा प्रकाश-पुँज रूप में सदा हमें प्रेरित करते रहेंगे ।

धर्मगुरू ज्ञानस्‍वरूपजी महाराज की प्रणाली में दिल्‍ली प्रांत की प्रमुख संस्‍थाएँ :
       1. गुरू ज्ञानस्‍वरूप सुमिरन समिति (रजि.), करोल बाग, नई दिल्‍ली
       2. स्‍वामी मौजीराम सत्‍संग सभा (रजि.), रैगर पुरा
       3. 'धर्मगुरू' स्‍वामी ज्ञानस्‍वरूप सत्‍संग सभा (रजि.), मादीपुर
       4. स्‍वामी रामानन्‍द जिज्ञासु सत्‍संग सभा (रजि.), 72, रैगरपुरा, करोल बाग
       5. स्‍वामी रामानन्‍द जिज्ञासु प्रतिष्‍ठान


मौका आया तरन का नर तन मिलिया तोय ।
चेत बावरा भज हरि यह अवसर मत खोय ।।
यह अवसर मत खोय भेद सतगुरू दरवासे ।
मिटे चौरासी फेर सहज परमानन्‍द पावे ।।
कहे ज्ञानस्‍वरूप बैठ भक्ति की नौका ।
भूले भव भटकाय फेर नहीं आवे मौका ।।


(साभार : गुरू ज्ञानस्‍वरूप सुमरण समिति (पंजी.))